इस वर्ष देश में होने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण चुनावों में एक राजस्थान विधानसभा का चुनाव भी हैं। २०२४ के लोकसभा चुनावों से बस कुछ ही महीनों पहले होने वाले इस चुनाव को राष्ट्रीय स्तर पर भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी अभी से मैदान में उतर चुकी हैं और राजस्थान को जीतने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही हैं।
इस वर्ष होने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने पार्टी विस्तार के उद्देश्य से ‘बूथ कमलोत्सव’ नामक अभियान छेड़ दिया है। यह अभियान राजस्थान भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर की योजना बताई जा रही है। इस अभियान के अतंर्गत राजस्थान के सभी बूथो पर समिति बनाकर दल को सांगठनिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य है कि चुनावों से पहले बिल्कुल जमीनी स्तर पर आम जनता को अपने साथ जोड़ा जाये और दल की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाया जाये।
राजस्थान भर के ५१००० बूथों मे से करीब ४७००० बूथों मे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसके दौरान फोटो युक्त बूथ समिति का निर्माण किया गया। इस प्रकार फोटो युक्त बूथ समिति का निर्माण देश में पहली बार देखा गया और इसे एक अभिनव कदम माना जा रहा है।
अब तक के योजना अनुसार, भाजपा हर बूथ मे वर्ष भर में खेल उत्सव, मन की बात समेत कूल ६ कार्यक्रम करना चाहती हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जोड़ना, जन संपर्क तथा महिलाओं को सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों से जोड़ने का उद्देश्य साधा जायेगा।
जब से चंद्रशेखर ने राजस्थान भाजपा के संगठन संभाला है तब से पार्टी विभिन्न कार्यक्रमों के द्वारा जन संपर्क साधने व जनता को अपने साथ सम्मिलित करने के कार्य में लग गयी हैं। संगठन के कार्यो में निपुण चंद्रशेखर जमीनी राजनीतिक के पुराने खिलाड़ी माने जाते हैं। वह जनता की नब्ज़ पकड़ने में माहिर बताये जाते हैं।
अपने बूथ अभियान के द्वारा भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि राजस्थान पर पार्टी की विशेष नज़र है। हालांकि फिलहाल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हैं परंतु भाजपा इस राज्य पर पुनः अपना झंडा फहराना चाहती हैं। गौरतलब है कि राजस्थान से २५ सांसद चुन कर आते हैं, जो कि इसे लोकसभा चुनावों की दृष्टि से भी एक महत्वपूर्ण राज्य बनाती हैं।